शीशगढ़। वायुसेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त शीशगढ़ के बुंची निवासी के साथ धोखाधड़ी कर 5.82 लाख हपड़ लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव बूंची निवासी कप्यूम खां ने पुलिस को बताया कि वह वायुसेना से जून 2024 में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने अपने परिचित इज्जतनगर के करमपुर चौधरी निवासी कल्लू खां से एक जमीन का सौदा 2024 में छह लाख रुपये में किया था। उपरोक्त की जमीन पर पहले से इज्जतनगर के शिकारपुर चौधरी निवासी जफर खां का एग्रीमेंट था। कल्लू खां पर उनसे जफर का एग्रीमेंट कराने के लिए जफर को तीन लाख का चेक विश्वास होने के कारण दिया था। फिर कल्लू ने केसीसी लोन अदा करने के बहाने उनसे एक लाख 15 हजार रुपये एवं एक लाख फोन पे के माध्यम से इज्जत नगर के करमपुर चौधरी निवासी मौसम खां के खाते में ट्रांसफर करा लिए। फिर 25 जुलाई 2024 को 40 हजार सलमान के फोन, 27 हजार निसार के खाते में डलवा दिए।
अब बह कल्लू खा एवं उसके साझेदार से जमीन लिखवाने के लिए कहा तो वे लोग न तो जमीन लिखवा रहे हैं और न ही पैसा वापस कर रहे हैं। ज्यादा कहने पर झगड़ा को आमादा हो रहे हैं एवं झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि शनिवार को आरोपियों ने उनके घर में आकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश के बाद मामला पंजीकृत किया गया है। साक्ष्य के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद