बरेली। बीते दिनों जिला अस्पताल, महिला चिकित्सालय, तीन सौ बेड अस्पताल, मानसिक चिकित्सालय का निरीक्षण करने वाली टीम ने लखनऊ में रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें महिला अस्पताल की सेवाओं को थर्ड लेवल निजी अस्पताल जैसा बताया है।
यह सभी मानदंडों को पूरा करता है और इसकी सभी इकाइयां पूरी तरह से कार्यरत हैं। अस्पताल का कामकाज, सफाई व्यवस्था तृतीयक स्तर के निजी अस्पताल के समान है। अत्यंत जटिल और गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों से निपटने के लिए स्टाफ प्रशिक्षित है। एनआईसीयू में उच्च स्तरीय उपकरण हैं। पोषण पुनर्वास केंद्र के कर्मचारियों और भर्ती बच्चों के परिजन में बेहतर तालमेल को सराहा।
जिला अस्पताल में डॉक्टर ओपीडी से ओटी तक की ड्यूटी कर रहे हैं। नियमित लैप्रोस्कोपिक सर्जरी हो रही है। कई कर्मचारी निर्धारित कर्तव्यों से बढ़कर काम कर रहे हैं। सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि बेहतर प्रतिक्रिया मिलने से टीम का मनोबल बढ़ा है। ब्यूरो