आंवला। नए साल पर एक रेस्टोरेंट में पार्टी मनाने आए चार लोगों पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। किशोरियों के पिता की ओर से शुक्रवार को युवकों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कस्बा निवासी पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दोनों किशोरियां कस्बे के इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं। दूसरे समुदाय की साथी छात्रा दोनों को अपने साथ नए साल की पार्टी मनाने रेस्टोरेंट ले गई। वहां पहले से ही सिरौली क्षेत्र के उसके रिश्तेदार तीन युवक मौजूद थे। आरोपियों ने छात्राओं को धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के लिए उकसाया और यौन शोषण करने की कोशिश की। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी तीन युवकों सहित साथी छात्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को रेस्टोरेंट में पार्टी करने की सूचना पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर इसका विरोध किया था। उसके बाद सभी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। संवाद