बरेली। प्रेमनगर के गुजराल अपार्टमेंट मैकेनियर रोड निवासी बिल्डर परमजीत गुजराल पर एक करोड़ रूपये हड़पने का आरोप लगा है। लखनऊ निवासी महिला ने प्रेमनगर थाने में परमजीत के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखनऊ के गोमती नगर निवासी संगीता सक्सेना के मुताबिक उनके पति राजीव सक्सेना उत्तराखंड और यूपी में कंस्ट्रक्शन का काम करते थे। बरेली के बिल्डर परमजीत ने राजीव से सिविल लाइंस में अपार्टमेंट बनाने के लिए रुपये मांगे थे। आश्वासन दिया था कि वह उन्हें दो फ्लैट और ब्याज समेत रकम वापस करेंगे। राजीव ने विश्वास कर 75 लाख रुपये चेक से और 25 लाख रुपये नकद परमजीत को दे दिए।
शुरुआत में परमजीत ने कुछ रुपये राजीव को लौटाए लेकिन बाद में रुपये देना बंद कर दिए और उन्हें फ्लैट भी नहीं दिए। महिला के मुताबिक जीवन भर की जमा पूंजी गंवाने के बाद राजीव मानसिक तनाव में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। संगीता ने पति की मौत के बाद परमजीत से रुपये लौटाने के लिए मिन्नतें कीं तो उसने 10 लाख रुपये वापस लौटा दिए और बाद में बकाया रुपये नहीं लौटाए।
संगीता ने बताया कि पति की मौत के बाद उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई। उनके रोजमर्रा के खाने-पीने का इंतजाम भी रिश्तेदार कर रहे हैं। लखनऊ सचिवालय में संगीता ने शिकायत की थी। इसके बाद प्रेमनगर थाने में परमजीत गुजराल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अमर उजाला ब्यूरो