बरेली। कुछ दिनों पहले पति शीरान रजा की शादी रुकवाने पहुंची निदा से खासी तकरार के बाद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया था। बारादरी पुलिस ने अब दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। निदा की ओर से शीरान व उनके परिवार के सात लोगों समेत ढाई सौ लोगों की भीड़ के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट कराई गई है तो दूसरे पक्ष ने निदा व उनके परिजन नामजद करा दिए हैं।
28 फरवरी की रात निदा ने शादी रुकवाने की कोशिश की तो खासा हंगामा हुआ था। दूसरे दिन निदा ने तो तीसरे दिन दूसरे पक्ष ने तहरीर दे दी थी। बावजूद बारादरी पुलिस जांच की बात कहकर कार्रवाई टालती रही। दो दिन पहले निदा ने डीआईजी राजेश कुमार पांडेय से मुलाकात की। इसके बाद कार्रवाई के आदेश हुए। अब निदा की ओर से शीरान रजा खां, अंजुम मियां उर्फ उस्मान, इकान रजा खां, जकी, शिम्मी, मुन, रबिया और उरूस को नामजद किया है। लिखवाया है कि जब वह शादी रुकवाने पहुंचीं तो इन लोगों ने भड़काऊ बयानबाजी की। इसके बाद करीब ढाई सौ लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। उनके गनर ने उन्हें मुश्किल से बचाया। फिर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा में लेकर निकाला।
दूसरे पक्ष के कांकरटोला निवासी जकी खान की ओर से निदा, रेशमा, मोईन खान, मुसर्रत यार खान, शबीना, अर्शी, शबाना व आठ दस लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हमला व गालीगलौज करने की रिपोर्ट कराई गई है। बताया है कि निदा इन लोगों को लेकर रात में उनके घर में घुस गईं। यहां दावत चल रही थी। निदा कह रही थीं कि शीरान को बाहर निकालो, आज उसकी खैर नहीं है। उन्होंने मना किया कि शीरान यहां नहीं है तो भी निदा नहीं मानी। उसने उन लोगों जान से मारने की धमकी दी। इससे उनकी हालत खराब हो गई। हालत सही होने पर वह रिपोर्ट कराने आए हैं।
निदा व दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीरों पर रिपोर्ट लिख ली गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- नरेश त्यागी, इंस्पेक्टर बारादरी
मेरी रिपोर्ट डीआईजी के आदेश पर दर्ज हो सकी है। जकी की ओर से पुलिस ने सीधे ही रिपोर्ट लिख ली। यह केवल समझौते का दबाव बनाने की साजिश है। मैं इस तरह दबाव में नहीं आऊंगी। अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। - निदा खान