दुनका। पुत्रवधू ने मायके वालों के साथ अपने ससुराल में शनिवार को जमकर उत्पात मचाया, फिर पीटकर सास को घायल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पुत्रवधू सहित छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के परचई गांव की निवासी सौभाग्यवती पत्नी अंगन लाल पाठक ने बताया कि उनकी पुत्रवधू रितु शर्मा पांच दिन पूर्व 11 अगस्त सोमवार की सुबह अपने पिता कैलाश चंद्र, मां लाली, अन्य परिजन राजेंद्र शर्मा, नीरज व रश्मि के साथ घर पर आए। पुत्रवधू सहित सभी ने आते ही घरेलू क्लेश को लेकर गाली देते हुए मारपीट की, फिर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। घटना के बाद बाकी लोग तो चले गए, लेकिन पुत्रवधू एवं उसकी भाई की पुत्री रश्मि वही घर पर रुक गई।
दो दिन कमरे में बंद रहने के बाद उसे दोबारा पीटा गया। उसके बाद पुत्रवधू अन्य के साथ चली गई। उस समय घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था। थाना प्रभारी अमित कुमार बालियान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद