बरेली। जिन भाजपा नेताओं को एएसपी ने चार दिन पहले तमंचों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था, उनके खिलाफ अब भमोरा इलाके के एक ट्रक मालिक ने अपहरण कर मारपीट और लूटपाट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ट्रक मालिक का कहना है कि आरोपी भाजपा नेता इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन करा रहे हैं। भमोरा पुलिस भी उनकी मदद कर रही है।
बुधवार दोपहर देवचरा निवासी सौरभ कुमार ने एडीजी को बताया कि वह ट्रकों से रेत-बजरी ढोने का काम करते हैं। छह मई की शाम वह विशाल ढाबे पर अपने ट्रक के पहिये का पंचर सही करा रहे थे, तभी कार से आए राजूपुर गांव के सिंटू कश्यप, उसके ड्राइवर आसिफ, संजय शर्मा, गौरव शर्मा उर्फ ईशू, देवेंद्र शर्मा, स्वकित, पुष्पेंद्र शर्मा और टीटू ने उन्हें बहाने से बुलाकर कार में डाल लिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर बुरी तरह पीटा और 3550 रुपये लूट लिए। सौरभ का कहना है कि हमलावरों को अवैध खनन की मुखबिरी करने का शक था। घटना के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी लेकिन एसओ आधी रात तक बैठाकर तहरीर बदलवाते रहे फिर भी रिपोर्ट नहीं लिखी। एडीजी अविनाश चंद्र ने शिकायत के बाद भमोरा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया।
इधर, पुलिस का कहना है कि भाजपा के आलमपुर मंडल उपाध्यक्ष संजय शर्मा, भाजपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य सिंटू कश्यप, पुष्पेंद्र और टीटू को शनिवार को ही मुखबिर की सूचना पर एएसपी अभिषेक वर्मा ने एक राइस मिल के पास से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज करके सभी को जेल भेज दिया गया। एक आरोपी गौरव शर्मा ने चार दिन पहले ही लंगुरा गांव निवासी कांस्टेबल सुरकेश के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इन सभी मामलों को एक-दूसरे से जुड़ा बता रही है।