फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के गांव करतोली में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या के मामले में मंगलवार को दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शुरुआत में घटना को सांड़ का हमला मान रही पुलिस ने भी हत्या की बात स्वीकारते हुए कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
करतोली में सोमवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड धनपाल का शव उनके घर से 50 मीटर दूर चकरोड पर मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा था। पुलिस कयास लगा रही थी कि सांड़ ने धनपाल पर हमला किया है। इससे उनकी मौत हो गई, लेकिन पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के कई गहरे निशान मिले। मंगलवार दोपहर धनपाल के छोटे भाई रमेश ने आरोप लगाया कि जमीन का सौदा रद्द होने के बाद बयाने की धनराशि को लेकर भाई की रंजिश चल रही थी। आरोप लगाया कि बदायूं के मूसाझाग थाने के गांव सर्वा निवासी जयवीर और राजीव व उनके तीन अज्ञात साथियों ने साजिश रची थी। ये लोग उनके भाई को रात में घर से उठाकर ले गए और चकरोड पर हत्या कर दी। पुलिस ने रमेश की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद