जमीन के विवाद में सीबीगंज के गांव ठिरिया ठाकुरान में फायरिंग का मामला
सीबीगंज। ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके एक को जेल भेज दिया है।
सीबीगंज के गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी विश्राम सिंह उर्फ विष्णु सिंह और बादाम सिंह पक्ष के बीच शनिवार को ग्राम समाज की जमीन को लेकर फायरिंग हो गई थी। इस दौरान विश्राम सिंह पक्ष के भूरे सिंह गोली लगने से घायल हो गए थे। सीबीगंज पुलिस ने भूरे सिंह के भाई जगतपाल की तहरीर पर शिवकुमार उर्फ गब्बर और उसके पिता बादाम सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही शिवकुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हत्या, डकैती और चोरी के मामले में पुलिस के हाथ खाली
बरेली। ठिरिया ठाकुरान गांव में फायरिंग के मामले में पुलिस ने भले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हो लेकिन हत्या, डकैती और चोरी के तीन मामलों में पुलिस अब भी खाली हाथ है।
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान मंगलवार रात सीबीगंज के गांव पुरनापुर में एंबुलेंस चालक खुशाली राम और उसके भाई खुशीराम के घर में घुसे आधा दर्जन हथियार बंद बदमाशों ने लाखों की डकैती को अंजाम दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार रात पस्तौर निवासी अमित कुमार सिंह के घर से भी लाखों रुपये की चोरी हो गई। फिर सरनिया निवासी इकबाल उर्फ बाला की हत्या करके उनका शव बोरे में बंद करके फेंक दिया गया। इस मामले में तिलियापुर निवासी इरफान समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। मगर पुलिस इन तीनों ही मामलों में अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हत्या के मामले में आरोपियों के कुछ परिवार वाले पुलिस की हिरासत में हैं लेकिन आरोपी सभी फरार हैं। ब्यूरो