कैंट थाने के चर्चित मामले में दरोगा संजय सिंह के खिलाफ एक और मामला दर्ज
बरेली। युगवीणा लाइब्रेरी में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में घायल हुए दरोगा संजय सिंह के खिलाफ शुक्रवार को कैंट थाने में एक और रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट इंस्पेक्टर कैंट धर्मेंद्र सिंह की तरफ से दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि निलंबित होने के बाद दरोगा संजय सिंह ने सरकारी पिस्टल तो जमा कर दी लेकिन तीन कारतूस जमा नहीं किए।
जन्मदिन पार्टी में फायरिंग के मामले में दरोगा संजय सिंह के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। इस मामले में संजय सिंह ने भी पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संजय सिंह की तरफ से सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसमें संजय ने इंस्पेक्टर पर ही जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया था। कोर्ट ने सीओ, इंस्पेक्टर समेत चार लोगों के रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। कैंट इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट तो दर्ज नहीं की बल्कि अधिवक्ता के जरिये कोर्ट में रिवीजन दाखिल करवा दिया। इधर, मुकदमा दर्ज न होने पर संजय सिंह ने अदालत की अवमानना का एक और वाद दायर कर दिया। इसके बाद कैंट पुलिस ने संजय सिंह के खिलाफ मामले खोजने शुरू कर दिए। इंस्पेक्टर कैंट धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि निलंबित दरोगा के खिलाफ तीन कारतूस जमा न करने का रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। महकमे में चर्चा इस बात की है कि जब दरोगा ने पिस्टल जमा की थी तब कारतूस जमा न करने का मामला क्यों दबाया रखा गया।