फतेहगंज पूर्वी। रेलवे विभाग की देरी के कारण दातागंज मार्ग पर स्थित बिलपुर रेलवे क्राॅसिंग संख्या 344 सी पर मरम्मत काम धीमा पड़ गया है। क्रॉसिंग के बंद रहने की समय अवधि बढ़ने से राहगीरों और व्यापारियों को खासी दिक्कत हो रही है। इस कारण राहगीर पांच किमी का अतिरिक्त चक्कर लगा रहे हैं तो कोई पैदल ही रेलवे ट्रैक को पार कर रहा है।
इसे पहले 13 से 19 अक्तूबर तक क्रॉसिंग को बंद किया गया था। कार्य पूरा न होने के कारण इसे 20 से 27 तारीख तक के लिए बढ़ा दिया गया। बहगुल नदी के पास बने पुल के नीचे पानी भरा होने से यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग भी मुश्किल हो गए हैं। लोगों को निवड़िया गांव की 345 सी और 346 सी रेलवे क्रॉसिंग से निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इस दौरान कस्बावासियों को चौराहे तक जाने के लिए पांच किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है। निवड़िया गांव में भी वैकल्पिक मार्ग के खड़ंजे में गड्ढे हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इतने दिनों में मशीनों द्वारा कार्य हो जाना चाहिए था। उन्हें यह भी नहीं बताया जा रहा कि क्रॉसिंग कब तक बंद रहेगी। पैचिंग का कार्य बचा, ब्लॉक मिलते ही कार्य कराया जाएगा पूरा : पीडब्ल्यूआई बिलपुर मोहम्मद जैद रजा ने बताया कि अप मेल लाइन पर मशीनों द्वारा मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। सिर्फ पैकिंग का कार्य बाकी है। रेलवे को अभी तक आवश्यक ब्लॉक नहीं मिल पाया है। ब्लॉक मिलते ही कार्य पूरा करवाकर सड़क यातायात चालू करा दिया जाएगा।