बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित पंडित राधेश्याम कथावाचक शोधपीठ के पुनर्गठन की ओर कदम उठाया है। जो करीब छह साल पहले बनी, लेकिन इस समय निष्क्रिय है। अब इस शोधपीठ के लिए नई समिति का गठन किया गया है। जो पंडित राधेश्याम कथावाचक व उनके लिखे साहित्य पर शोधार्थियों का मार्गदर्शन करेगी। इसके अलावा उनका एक स्मृति कक्ष रुविवि के नेहरू केंद्र में बनाया जाएगा।
पंडित राधेश्याम की जयंती पर मंगलवार को पांचाल संग्रहालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में पंडित राधेश्याम की पौत्री डॉ. शारदा भार्गव व विशिष्ट अतिथि विक्रम भार्गव व संजय भार्गव रहे। मुख्य अतिथि ने छात्र-छात्राओं से अपने बाबा से जुड़ीं यादें साझा की। उन्होंने जानकारी दी कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय में पंडितजी का स्मृति कक्ष बनाया जाएगा। जिसमें उनकी पांडुलिपियों, पुस्तकों, तस्वीरों आदि सामग्री जो उनके जीवन से जुड़ी है, प्रदर्शित की जाएगी। जिससे छात्र-छात्राएं, शोधार्थी व आम जन उनके बारे में भी उनके बारे जान सकें। उन्होंने बताया जीआईसी ऑडिटोरियम में पंडित राधेश्याम की प्रतिमा स्थापना व ऑडिटोरियम का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा, जिसका अनावरण मुख्यमंत्री करेंगे। समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजिका डॉ. अनीता त्यागी, कुलसचिव हरीश चंद, प्रो. पीबी सिंह, डॉ. आभा त्रिवेदी व अन्य मौजूद रहे।
करीब छह साल पहले बनाई गई थी समिति
पंडित राधेश्याम कथावाचक शोधपीठ का पुनर्गठन करीब छह साल बाद दोबारा किया गया है। जिससे इसका संचालन ठीक तरह से हो सके। बताया जा रहा है पूर्व समन्वयक के चले जाने से समिति पूरी तरह निष्क्रिय हो गई थी। नई समिति में समन्वयक डॉ. अनीता व तीन सह समन्वयक डॉ. अजीत सिंह, डॉ. आभा त्रिवेदी, डॉ. ज्योति पांडेय बनाए गए हैं। कार्यक्रम में डॉ. आभा त्रिवेदी, कुलसचिव हरीश चंद, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी व विधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट किए गए और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ। संवाद