बरेली। बिहारीपुर स्थित दारुल उलूम मजहरे इस्लाम में ताजुश्शरिया का उर्स मनाया गया, जो मौलाना अनस मियां की सरपस्ती में संपन्न हुआ। इसमें तमाम लोगों ने शिरकत कर अकीदत का इजहार किया।
उर्स का आगाज तिलावते कुरान पाक से हुआ। इसके बाद उलमा इकराम ने ताजुश्शरिया की शान में तकरीर की। मौलाना कलीम रजा बरकाती ने तकरीर में कहा कि मुफ्ती आजम की करामात का नाम ताजुश्शरिया है। उनकी तालीम पर हमें अमल करना चाहिए। शाम को 6:55 बजे कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। अनस मियां ने शजरा पढ़ा और दुआ कारी अबरार नूरी ने की। इसके बाद सलातो सलाम का नजराना पेश किया गया। उर्स सैयद शुएब मियां की निगरानी में मुकम्मल हुआ। निजामत मौलाना तैसीफ नूरानी ने की। आखिर में लंगर हुआ। इस दौरान तलत मियां, मुफ्ती उबैदुर्रहमान, ईसा बाबा (मुंबई) मौलाना सगीर, मौलाना खुर्शीद, मौलाना शकील, मौलाना नईम, मौलाना शादाब आदि की शिरकत रही।
विदेशों में भी मनाया गया उर्स
बरेली। ताजुश्शरिया हजरत मुफ्ती अख्तर रजा खां कादरी का उर्स उनके मुरीदों ने विदेशों में मनाया। जहां उनके कुल शरीफ की रस्म अदा की। मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि मदीना शरीफ सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, दुबई, पाकिस्तान, इंग्लैंड, मिस्र, जिंबावे और भारत के कई शहरों में उर्स मनाए जाने की सूचना मिली है।