बरेली। बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव दुर्गाबाड़ी और मनोरंजन संस्थान में आज से धूमधाम से शुरू हो गया।
दुर्गाबाड़ी में दुर्गा मां की षष्ठी पूजा के बाद आनंद मेला लगाया गया, जिसमें सभी वर्गों की महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। रात में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एनके बनर्जी और उनके सहयोगी कलाकारों ने शास्त्रीय और अन्य संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किया। आयोजन के संबंध में बताया जाता है कि आज के ही दिन मां दुर्गा गणेश, सरस्वती, लक्ष्मी और कार्तिक के साथ अपने मायके पहुंचती हैं। यहां चार दिन रहने के बाद वह पति भगवान शंकर के यहां वापस पहुंचती हैं। यहां आज मां दुर्गा का षष्ठी पूजन किया गया।
दूसरी ओर जंक्शन के रेलवे इंस्टीट्यूट में बंगाली कल्चरल एवं वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में महिषासुर मर्दिनी की दुर्गा पूजा धूमधाम से शुरू हुई। हर साल की तरह ही इस बार भी पंडाल को भव्य तरीके से सजाया गया। इसके बाद देवी प्रसाद चटोपध्याय के मंत्रोचारण से अधिवास पूजा की शुरूआत हुई। पूजा के बाद मां दुर्गा, सरस्वती, भगवान गणेश और कार्तिक की मूर्तियों की स्थापना की गई। इस मौके पर दिलीप चटर्जी, मनोज राय, चंचल डे, ध्रुव चटर्जी, पीके टिक्कादास, असीम बनर्जी आदि उपस्थित थे।