बरेली। जन्माष्टमी के जुलूस में डीजे बंद कराने को लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट के मामले में अब इज्जतनगर पुलिस ने डीजे और झांकी वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव चावड़ में विवाद की आशंका को लेकर फोर्स अभी भी तैनात है। पुलिस माहौल खराब करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।
इज्जतनगर में मुड़िया अहमदनगर के गांव चावड़ में शनिवार सुबह जुलूस में बज रहे डीजे पुलिस ने जब्त कर लिए थे। इसे लेकर शाम को दो पक्षों में तनातनी हो गई। मामला इतना बिगड़ गया की एक पक्ष ने दूसरे के दो परिवारों के घर में घुसकर हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पक्ष के पांच लोगों को गिरफ्तार कर मामला शांत कराया था। इसके बाद लगातार गांव में फोर्स तैनात है। अब पुलिस ने घटना की सुबह जब्त किए गए डीजे के मालिक गांव के ही रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही डीजे लगाकर बिना अनुमति झांकी निकालने वाले भूपेंद्र, शिवम पटेल, राहुल यादव, रवि पटेल और 20-25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कर ली है। पुलिस के मुताबिक डीजे बजने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले थे। इसके बाद डीजे जब्त कर लिया गया था।