फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्रज के रंग में रंगी नाथ नगरी, घर-घर जन्मे कान्हा

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। तिथियों और नक्षत्रों में मतभेद के चलते शनिवार को भी जन्माष्टमी की धूम रही। वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर जगमग मंदिरों समेत घरों में कान्हा की झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने व्रत धारण कर लड्डू गोपाल के दर्शन किए और मध्यरात्रि कान्हा का अवतरण होने पर विधि विधान से पूजन संपन्न कर मनवांछित मन्नत मांगी। शनिवार को भी शहर के कई मंदिरों में कान्हा का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया।
विज्ञापन

बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर में शाम पांच बजे से ही बच्चे बच्चे कृष्ण और राधा रानी के स्वरूपों में मंदिर पहुंचे। भजनों से नंद और यशोदा को बधाई दी गई। मध्यरात्रि भगवान श्री कृष्ण का जन्म होते ही समूचा मंदिर श्री कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण से कार्यक्रम संपन्न हुआ। धोपेश्वरनाथ मंदिर में मंदिर प्रबंध कमेटी की ओर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी शनिवार को मनाई गई। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत हुए। मढ़ीनाथ स्थित श्री कृष्ण मंदिर में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मना। सिठौरा के गोसाई टोला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से रवाना श्री कृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा शांतिनगर, बदायूं रोड, नेकपुर होते हुए देर रात मढ़ीनाथ मंदिर पहुंची। जहां शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। आलमगीरी गंज कल्लूमल बरगद वाले मंदिर पर भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई।

इस्कॉन में ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ की धूम
रिठौरा मयूर वन चेतना केंद्र स्थित इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर कार्यक्रमों की श्रृंखला में श्री राधा कृष्ण, नृसिंह भगवान, लक्ष्मी नारायण, महादेव की झांकी सजाई गई। देर रात भगवान का महाभिषेक हुआ। वृंदावन के कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण लीला का मंचन किया। कान्हा के जन्म के बाद छप्पन भोग और महाआरती हुई। यहां संस्थापक गिरधर गोपाल, भीम अर्जुनदास, सुंदर उज्जवल दास प्रभु व अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

आज निकलेगी विशाल दधिकांदो यात्रा
चंद्र नगर धार्मिक समिति के तत्वाधान में रविवार को 130वीं दधिकांदो शोभायात्रा निकलेगी। शनिवार को श्री सीताराम मंदिर कटरा चांद खां में झांकियां के साथ श्री कृष्ण जन्मोत्सव मना। समिति पदाधिकारी दिनेश के मुताबिक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दर्जन भर झांकियों में बच्चे भगवान के स्वरूप में विराजेंगे। मुख्य झांकी में वृंदावन के कलाकार मौजूद रहेंगे। जगह-जगह पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

कलश यात्रा से राधाष्टमी महोत्सव का आगाज
श्री हरि मंदिर 59वें विराट भक्ति ज्ञान वार्षिक श्री राधाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को कलश शोभायात्रा से हुई। पठानकोट से आए भागवत भूषण अतुल कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में रवाना मंगल कलश यात्रा में 108 पीत वस्त्रधारी महिलाएं कलश धारण कर आगे चल रही थीं। जो क्षेत्र भ्रमण कर मंदिर में संपन्न हुई। आचार्य सुनील शास्त्री ने भगवत पूजन कराया और श्री मंदिर महिला संकीर्तन मंडल ने भजन कीर्तन किया।

नंदोत्सव और संकीर्तन ने मोहा मन
श्री बांके बिहारी मंदिर राजेंद्र नगर में नंदोत्सव और संकीर्तन हुआ और छप्पन भोग का प्रसाद कान्हा को लगा। यहां श्रद्धालु महिला मंडली और श्री धाम वृंदावन से आई लाडली जी के भजनों पर झूमते रहे। लाडली जी ने ‘दीवाना हो गया मोहन तेरी गली में’, ‘राधा रानी मुझको बरसाने बुला लो’ व अन्य भजन सुनाए। आयोजन में श्री बांके बिहारी कल्याण समिति, श्री बांके बिहारी सेवा मंडल, महिला मंडल का सहयोग रहा।

मथुरा गमन, चाणूर वध का मंचन
श्री हरे राम ग्वाल बाल भगवती सेवा समिति की ओर से अवधपुरी स्थित नवदुर्गा मंदिर में चल रहे श्री कृष्ण जन्मोत्सव मंचन के छठें दिन कलाकाराें ने अक्रूर गमन, श्री कृष्ण का मथुरा गमन, राधा मिलन, राधा से विदाई, कुब्जा उद्धार और मुष्टिक व चाणूर युद्ध से लेकर कंस वध लीला का मंचन किया। इस दौरान श्री कृष्ण का मथुरा गमन प्रसंग देश श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं। यहां यशवर्द्धन, वरुण, राजेन्द्र का सहयोग रहा।
‘.. स्वागतम, सुस्वागत, शरणागतम कृष्णा’
श्री रामायण मंदिर में जन्माष्टमी समारोह के दूसरे दिन भजनों पर बाल कलाकारों की प्रस्तुतियां हुईं। यहां भजन गायक जगदीश भाटिया ने ‘स्वागतम, सुस्वागतम शरणागतम कृष्णा’ ‘सांवरा जब मेरे साथ है, तो डरने की क्या बात है’ ‘छायी काली घटाएं तो क्या गाएं’, अनिल अरोड़ा ने ‘आज कन्हैया आए हैं, बधाई हो बधाई’ आदि सुमधुर भजन सुनाए। मध्यरात्रि कान्हा के जन्म के बाद आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें