बरेली। परसौना स्थित हजरत सैयद गौहर अली उर्फ भीटा शाह बाबा का सालाना उर्स मनाया जा रहा है। फैजाने साबरी गौहरी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से चल रहे उर्स में दूसरे रोज हजरत मस्तान शाह बाबा का कुल शरीफ मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
उर्स गौहरी में बुधवार को तकरीब की शुरुआत सुबह कुरान ख्वानी से हुई। इसके बाद सुबह 10:30 बजे कुल शरीफ मनाया गया। इस दौरान मन्नत डोरी और गुस्ल की रस्म अदा की गई। रात में कव्वाली की महफिल सजी, जिसमें मशहूर कव्वाल हबीब पेंटर के पौत्र गुलाम हबीब पेंटर और मोबीन नियाजी ने सूफियाना कलाम पेश किए। उर्स की रस्म पीरे तरीकत शाह मोहम्मद वसीम मियां चिश्ती साबरी की सरपरस्ती में अदा की गई।
इस मौके पर सपा नेता जफर बेग, भाजपा नेता डा. सैयद एहतेशाम उल हुदा, एमएसएस के अध्यक्ष नदीम कुरैशी की शिरकत रही। सोसाइटी के अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान साबरी ने जायरीन का इस्तकबाल किया। उर्स प्रभारी नदीम साबरी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर 3:30 कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।