बारिश से रजिस्ट्री दफ्तर में जलभराव के बावजूद कम नहीं हुई पब्लिक
बरेली। रजिस्ट्री ऑफिस में बारिश के बावजूद बैनामा कराने वालों की भीड़ से अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। हालांकि राजस्व ऑफिस में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नहीं हो पा रहा है। कातिब यूनियन ने लोगों को सतर्क करने के लिए मंगलवार से लाउडस्पीकर कराने का इंतजाम किया था, लेकिन बारिश की वजह से उसे नहीं लगाया जा सका।
बारिश के बावजूद रजिस्ट्री ऑफिस में बैनामा कराने वालों की काफी संख्या रही। रजिस्ट्री दफ्तर में मंगलवार को 192 बैनामे होने से सरकार को करीब 1.22 करोड़ का राजस्व मिला। सोमवार को भी 180 बैनामा होने से सरकार को एक करोड़ से ज्यादा की आमदनी हुई थी। हालांकि कोरोना के खतरे के बावजूद रजिस्ट्री आफिस में कातिबों के पास पक्षकारों की काफी भीड़ लग रही है। सोमवार को कातिब यूनियन के पदाधिकारियों ने तख्त पर पहुंचकर कातिबों से सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने की अपील भी की थी लेकिन लोगों के न माने से यहां संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इस वजह से मंगलवार को यूनियन लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार से परिसर में लाउडस्पीकर का इंतजाम कराने का फैसला लिया था, लेकिन सुबह से बारिश की वजह से इसकी व्यवस्था नहीं कराई गई। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते रजिस्ट्री आफिस में एक कातिब के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से ही हड़कंप मचा हुआ है। कातिबों ने डर की वजह से दो दिन तक काम भी नहीं किया था। सोशल डिस्टेंसिंग न होने से यहां अभी भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है।