बरेली। बरेली कॉलेज में इस बार परास्नातक कक्षाओं में एडमिशन के लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण किए जाएंगे। सोमवार को इसे लेकर प्राचार्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में डॉ. वीपी सिंह को परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया का संयोजक बनाया गया।
इन दिनों स्नातक कक्षाओं में एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है। परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए तृतीय वर्ष के परीक्षा परिणाम का इंतजार किया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि बरेली कॉलेज में इस बार कोरोना संक्रमण के चलते परास्नातक कक्षाओं में एडमिशन के लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण किए जाएंगे। इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए डॉ. पीवी सिंह को संयोजक बनाया गया है। बैठक में चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. स्वदेश सिंह, डॉ. शकुंतला सिंह आदि मौजूद रहीं। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते शासन ने प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिकाधिक कार्य ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते ही इस बार परास्नातक में एडमिशन के लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है।