बरेली। बोर्ड परीक्षा के केंद्र निर्धारण के वक्त जिसका शक था वहीं हुआ। छात्रों का पंजीकरण कराए बिना ही उन्हें परीक्षा के नकल माफिया के मंसूबे कामयाब हो गए। अब मामले सामने आ रहे हैं। कई केंद्रों पर बिना पंजीकरण के परीक्षार्थी मिल रहे हैं। डीआईओएस ने उनके रोल नंबर जांच के लिए बोर्ड कार्यालय में भेजे हैं। गड़बड़ी मिलने पर रिजल्ट रोकने की बात कही जा रही है।
बिना मान्यता के चल रहे स्कूल दूसरे विद्यालयों में अपने परीक्षार्थियों को पंजीकृत कर देते हैं। जिले में हर साल यह खेल चलता है, लेकिन इस बार परीक्षार्थियों का रजिस्ट्रेशन भी जांचा जा रहा है। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज हौंसपुर में तकरीबन ऐसे सौ परीक्षार्थी मिले थे जिनका पंजीकरण ही नहीं था। एक सचल दल ने बुधवार को बरेली के कई परीक्षा केंद्रों पर यह गड़बड़ी पकड़ी हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 150 परीक्षार्थी बिना पंजीकरण के परीक्षा दे रहे हैं। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि गड़बड़ करने वाले परीक्षा केंद्रों की सूची डीएम और बोर्ड भी भेजी जा रही है, ताकि इन केंद्रों को डिबार किया जा सके।