मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के प्रदेश के मौसम पर व्यापक प्रभाव पड़ने की संभावना है। आगामी 12 घंटों तक अपनी तीव्रता बनाए रखने के बाद इसके निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। इस मौसमी बदलाव के चलते प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और 27 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। तापमान में भी गिरावट की संभावना है।
भारी बारिश के रेड अलर्ट पर जिला प्रशासन सतर्क
मौसम विभाग ने 25 से 27 सितंबर तक जिले में भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने, 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवा चलने की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जनधन हानि पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, विकास खंड, आपातकालीन सेवा अधिकारी, कर्मचारियों को सतर्कता और तथा मोबाइल फोन सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। विद्युत, लोक निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य, अग्निशमन विभाग से समन्वयकर आपदा की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य कराने को कहा है। ग्राम पंचायत, नगर निकाय में लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया अन्य माध्यम से चेतावनी का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।