इस बात पर था विवाद
शबाना का अपने पति अब्दुल तस्लीम से विवाद है। शबाना का आरोप है कि तस्लीम ने उसे तलाक देकर दूसरी शादी कर ली है। उसने पति पर पहली रिपोर्ट आईटी एक्ट के तहत सीबीगंज थाने में वर्ष 2019 में और दूसरी रिपोर्ट पति व ससुरालवालों के खिलाफ 2021 में दहेज उत्पीड़न की दर्ज कराई। पति से गुजारा भत्ता लेने का एक केस कोर्ट में डाला था। कोर्ट ने उसका छह हजार रुपये महीने का खर्च तय किया जो पति के विदेश में होने की वजह से उसे नहीं मिला।
उसने इसकी वसूली का अनुरोध किया तो कोर्ट ने डेढ़ लाख रुपये का वसूली वारंट जारी कर दिया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को वसूली वारंट लेकर सीबीगंज थाने के दरोगा तस्लीम के घर गए। महिला ने बताया था कि परिवार में शादी है तो पति विदेश से आया हुआ है। दरोगा को तस्लीम नहीं मिला तो वह घर के फोटो-वीडियो बनाकर ले आए।
इस दौरान महिला की पैरवी में लगे शोएब ने यूट्यूबर अमल सैनी से मिलकर साजिश रची। अमल सैनी ने शबाना से 15 हजार रुपये में रकम दिलाने का सौदा किया। करीब तीन हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए। महिला को बुधवार को रामपुर बाग के कैफे पर बुलाया। वहां उसका रोते हुए वीडियो बनाया और अगले दिन आत्मदाह का नाटक करने की साजिश रचकर चला गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि खुद को पत्रकार बताकर अमल सैनी व शोएब ने महिला से आत्मदाह की साजिश रचाई। ऑनलाइन लेन-देन, रोते हुए वीडियो बनाने व रुपये लेने की सीसी फुटेज जैसे साक्ष्य जुटाकर ही पुलिस ने कार्रवाई की है। इनके कुछ और साथी भी इस घटनाक्रम में शामिल हैं। पुलिस सभी पर कार्रवाई करेगी।