शुक्रवार से शुरू होगा दूसरा चरण, विभागों के 1367 फ्रंटलाइन वर्कर को लगेगी वैक्सीन
बरेली। कोविड टीकाकरण के पहले चरण के पांचवें चक्र में स्वास्थ्यकर्मियों की हिचकिचाहट और भी टूटती दिखी। पिछले चार चक्रों के दौरान 64 से 70 फीसदी के बीच अटका रहा टीकाकरण बृहस्पतिवार को 91 फीसदी तक जा पहुंचा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके बाद राहत की सांस ली है। शुक्रवार को स्वास्थ्यकर्मियों के साथ विभाग और सुरक्षा इकाईयों के फ्रंटलाइन वर्करों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को 21 केंद्रों पर 38 सत्रों में वैक्सीनेशन हुआ। अफ सरों ने केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग ने महिला जिला अस्पताल और पुरुष जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने केयर अस्पताल और खुशलोक अस्पताल का निरीक्षण किया। उपजिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शुचिता गंगवार ने केशलता अस्पताल, केयर अस्पताल और खुशलोक अस्पताल का निरीक्षण किया। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एसपी अग्रवाल ने प्रताप अस्पताल, केयर अस्पताल और ईएसआई अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा।
सीएमओ ने बताया कि सुबह नौ बजे से शुरू हुआ टीकाकरण शाम पांच बजे तक चला। इसमें निजी और सरकारी स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित किया गया। वैक्सीनेशन के बाद लाभार्थी की जानकारी कोविन पोर्टल पर अपलोड की गई। पहले चक्र में करीब 64 फीसदी, दूसरे में 66, तीसरे में 67 और चौथे चक्र में 70 फीसदी टीकाकरण हुआ था।
28 दिन बाद दी जाएगी वैक्सीन की दूसरी डोज
डॉ. सिंह के मुताबिक 2.30 बजे तक 1964 स्वास्थ्य कर्मियों का वैक्सीनेशन हो चुका था जो 3960 स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण के लक्ष्य का करीब आधा था। शाम तक 3597 डोज स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई। बताया कि 28 दिन बाद पहली डोज लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज लगाई जाएगी जिसके लिए सभी को अलर्ट कर दिया गया है। दूसरी डोज लगने पर ही एंटीबॉडी बनेगी। बताया कि पांच चक्रों में हुए टीकाक रण में 75 फीसदी से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी प्रतिरक्षित हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को भी कुछ केंद्रों पर सर्वर की समस्या रही।
आज 13 केंद्र पर 25 सत्रों में वैक्सीनेशन
शुक्रवार को दूसरे चरण का वैक्सीनेशन सुबह नौ बजे से होगा। 13 केंद्रों पर 25 सत्र में 2664 लोगों का प्रतिरक्षित किया जाएगा। इसमें 1297 स्वास्थ्यकर्मियों समेत विभिन्न विभागों के 1367 फ्रंटलाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन होगा। राममूर्ति रेलवे हॉस्पिटल, ईएसआई हॉस्पिटल, पीएचसी शेरगढ़, पीएचसी रिछा, पीएचसी भमोरा, पीएचसी बिथरी चैनपुर, पीएचसी दलेलनगर में स्वास्थ्य कर्मचारियों का वैक्सीनेशन होगा। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में 250 होमगार्ड को, रेलवे हॉस्पिटल, ईएसआई हॉस्पिटल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस हॉस्पिटल में 250 आईटीबीपी के जवानों को, पीएचसी हॉस्पिटल में 250 पीएसी के जवानों को, डिस्ट्रिक्ट जेल में 85 एवं सेंट्रल जेल में 155 बंदी रक्षकों का और पुलिस लाइन में 375 पुलिस के जवानों को वैक्सीन लगेगी।
रिछा सीएचसी पर पहुंचे एसीएमओ
रिछा। रिछा सीएचसी पर शुक्रवार को 125 के सापेक्ष 88 लोगों के कोरोना वैक्सीन लगाई गई। एसीएमओ डॉ. केसी जोशी ने टीकाकरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभारी चिकित्साधिकार डॉ. आरके वर्मा ने टीम के साथ व्यवस्थाएं पूरी कराईं। उन्होंने बताया कि कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की तबियत सही नहीं थी और कुछ जिले से बाहर गए थे, इसलिए उन्हें टीका नहीं लग सका। संवाद