बरेली। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री में रुचि नहीं लेने पर तीन एडीओ कृषि के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उप निदेशक कृषि को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया है कि डीएम ने सदर तहसील को रोज एक हजार फार्मर रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य दे रखा है। इसके बावजूद कार्य में लापरवाही बरती जा रही है।
इस कार्य में एडीओ कृषि के अधीन कर्मचारी नामित हैं। बार-बार निर्देश के बावजूद वह कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। क्यारा व भोजीपुरा ब्लॉक में सात-सात, बिथरी चैनपुर में आठ कर्मी लगाए गए हैं।
प्रत्येक को 50-50 फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है, पर इसके अनुरूप प्रगति नहीं हो पा रही है। तीनों ब्लॉकों के एडीओ की तरफ से नामित कर्मियों के कार्यों की निगरानी नहीं की जा रही है। एसडीएम ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले एडीओ से लेकर नामित कर्मियों तक के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है। संवाद