बरेली। लल्ला गद्दी का नाम लेकर एक व्यक्ति ने वकील को उनके बेटे की हत्या की सुपारी मिलने की बात कहकर धमकाया और फिरौती की मांग की गई। कैंट थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चौबारी गांव निवासी चंद्रभान एडवोकेट ने कैंट थाना प्रभारी संजय धीर को बताया कि सात मई को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उनसे अभद्रता करते हुए बताया कि पीलीभीत सिविल लाइन से लल्ला गद्दी बोल रहा हूं। अभी फतेहगंज पश्चिमी में हूं। कॉल करने वाले ने कहा कि तुम्हारे बेटे अर्पित की हत्या करने के लिए मुझे पांच लाख रुपये की सुपारी मिली है।
दस दिन में अर्पित की हत्या कर दूंगा, अगर बचाना चाहते हो तो दो लाख रुपये दे दो। धमकी मिलने के बाद अधिवक्ता और उनका परिवार डरा हुआ है। कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि लल्ला गद्दी का इस कॉल से कोई कनेक्शन नहीं है, किसी शातिर ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है, असली आरोपी की तलाश की जा रही है।