बरेली। 25वीं अंतर जनपदीय जोनल पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष- 2024 में रविवार को सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें मुरादाबाद बनाम रामपुर व पीलीभीत बनाम बरेली के मध्य खेला गया। इसमें रामपुर और बरेली की टीम सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में आमने सामने होंगी।
पुलिस लाइन स्थित परेड मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मुरादाबाद बनाम रामपुर के बीच खेला गया। मुरादाबाद की टीम बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 139 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुरादाबाद की टीम के यमराज ने सर्वाधिक 39 बॉल में 66 रन बनाए व रामपुर की तरफ से पवन यादव और बंटी कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान उतरी रामपुर की टीम ने 20 ओवर की अंतिम गेंद पर एक रन बनाकर मुकाबला सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रामपुर की तरफ से रवि ने 33 गेंदों पर 54 रन, दुष्यंत ने 20 बॉल पर 23 रन का योगदान दिया व मुरादाबाद टीम के गेंदबाज शेखर मलिक ने चार ओवरों में 11 रन देकर एक विकेट लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच में पीलीभीत बनाम बरेली के मध्य खेला गया। इसमें पीलीभीत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 118 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें टीम के विक्रांत ने 12 बॉल में 24 रन की पारी खेली। बरेली की तरफ से विकास राघव ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार, अवनीश चपराना, सचिन सैनी और कपिल कुमार ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी बरेली की टीम ने मात्र 10 ओवर में 122 रन बनाकर आठ विकेट से मैच जीत लिया। टीम के अवनीश ने 27 बॉल में 73 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। अवनीश ने 19 बॉल में अर्धशतक पूरा किया। पीलीभीत की तरफ से इमरान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 11 रन देकर एक विकेट हासिल किया। बरेली टीम के अवनीश को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के निर्णायक अंपायर आयुष व मुनाजिर नियाजी रहे। इस दौरान हरमीत सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद