भाई की कलाई पर बंधेगी सोने-चांदी की राखी
रक्षाबंधन के लिए रविवार को देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का दौर जारी रहा। सोने-चांदी की राखियों की मांग जबरदस्त रही। वहीं, मिठाई समेत गिफ्ट की दुकानों पर भी कतार लगी रही।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक बीते वर्षों में भी सोने-चांदी की राखियां बिकती थीं पर गिने-चुने लोग ही खरीदते थे। अब इनकी मांग बाजार में बढ़ गई है। पारंपरिक कच्चे धागों के साथ सोने चांदी की राखियां खूब बिक रही हैं। डीडीपुरम स्थित ज्वेलरी शॉप के संचालक उदित गोयल के मुताबिक रक्षाबंधन पर्व के लिए हल्के वजन की सोने की राखियों का स्टॉक मंगाया था। कीमत 15 से 50 हजार रुपये थी। सोने की कीमतें बढ़ने से बिक्री की ज्यादा उम्मीद नहीं थी। मगर, रविवार को ही पूरा स्टॉक खत्म हो गया।
चांदी की राखियों का स्टॉक भरपूर था, जिसके सापेक्ष करीब 80 फीसदी राखियों की बिक्री हुई। इनकी कीमत पांच सौ से लेकर पांच हजार रुपये तक थी। सबसे ज्यादा ब्रेसलेट की तर्ज पर डिजाइन की गई राखी की बिक्री हुई। बाजार में कुछ सराफा व्यापारियों ने ही सोने की राखी मंगाई थी।