भीड़ जुटाने को झोंकी ताकत
किसान कल्याण रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भीड़ जुटाने को भाजपाई ने शनिवार को पूरी ताकत झोंक दी। शहर के अलावा गांवों में जनसंपर्क अभियान जारी रहा। प्रमुख नेताओं ने भीड़ को रैली तक पहुंचाने के इंतजाम किए हैं। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह, स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, संतोष सिंह और केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, पूरनलाल लोधी, राजकुमार शर्मा आदि नेता भी साथ रहे। वहीं रैली के प्रचार के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया के नेतृत्व में शहर में मोटर साइकिल रैली निकाली गई।
मोदी के मंच पर रहेंगे 14 नेता
रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर सिर्फ 14 नेता ही रहेंगे। इनमें पीएम के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, कृषि राज्य मंत्री संजीव बालियान, केंद्रीय महिला कल्याण मंत्री मेनका गांधी, केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री संतोष गंगवार के अलावा पार्टी संगठन से प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, रैली संयोजक धर्मपाल सिंह, सह संयोजक प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल शामिल हैं। वहीं, मोदी के मंच के दांए ओर बनाए जाने वाले वीआईपी मंच पर 50 लोगों के बैठने का बंदोबस्त किया गया है।
किसान कल्याण रैली की सारी तैयारियां कर ली गई हैं। लक्ष्य से ज्यादा अपार जनसमूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए उमड़ेगा। यह किसानों के लिए अब तक के इतिहास में सबसे बड़ी रैली साबित होगी।
-धर्मपाल सिंह, रैली संयोजक
भीड़ की खुफिया रिपोर्ट मांगी
बरेली। प्रमुख सचिव गृह ने रैली में जुटने वाली भीड़ की बरेली सहित प्रदेश के 23 जिलों से गोपनीय रिपोर्ट मांगी गई है। डीएम और अन्य अधिकारियों के स्तर से यह रिपोर्ट भेजी गई है कि उनके यहां से कितनी बसें बुक हैं और उन बसों के माध्यम से रैली में शामिल होने वाले लोगों में कितना उत्साह है। इसी तरह ट्रेन और रोडवेज की बसों से रैली में जाने वालों की कितनी संख्या होगी। बरेली, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कासगंज, एटा, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, कानपुर, फर्रुखाबाद सहित 23 जिलों से जानकारी मांगी गई है।
कांग्रेसियों पर लगीं खुफिया निगाहें
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बरेली आगमन के दौरान काले झंडे दिखाने और काले गुब्बारे छोड़ने के कांग्रेस के निर्णय के बाद खुफिया विभाग ने कांग्रेसियों पर निगाहें जमा दी हैं। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय और महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम समेत कई नेताओं से खुफिया विभाग के लोगों ने पूछताछ कर उनकी रणनीति जानने की कोशिश की। चौधरी असलम ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक चौकी चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर सारे कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठेंगे। इसके बाद वहां से कूच कर काले झंडे दिखाएंगे।