बरेली। उदयपुर में 12 से 17 जनवरी तक आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) हॉकी प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम ने स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया। टीम का हिस्सा रहे साई स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे हैं सिद्धार्थ पुंडीर ने जीत में अहम योगदान दिया।
उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में पांच गोल किए। वह अपनी टीम की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे। जिले के भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, (साई) कैंट में पिछले एक साल से अभ्यासरत सिद्धार्थ, कोच रोहित शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
सिद्धार्थ बताते हैं कि उनका हॉकी के प्रति लगाव बचपन से ही रहा है। बताया कि पेशेवर रूप से हॉकी खेलते हुए उन्हें अब चार साल हो चुके हैं। इससे पूर्व वह वर्ष 2025 में चेन्नई में आयोजित ओपन हॉकी टूर्नामेंट में भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं।
सिद्धार्थ हर दिन सुबह और शाम लगभग तीन-तीन घंटे अभ्यास करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम में जगह बनाना है। संवाद