अस्पतालों में व्यवस्था मुस्तैद रखने की हिदायत
लू, सूखा, बाढ़ से बचाव के लिए प्रबंधों व कृषकों को सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता की समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में हुई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि लू से बचाव के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित हों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्याऊ व वाटर कूलिंग मशीनों को सक्रिय किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि जिला अस्पताल में 10 बेड, सीएचसी स्तर पर पांच-पांच व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं।
ओआरएस एवं आवश्यक दवाएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि रामगंगा, किच्छा, बहगुल व दोजौरा आदि नदियों से जिले के 302 ग्राम प्रभावित होते हैं। बाढ़ नियंत्रण के लिए 49 बाढ़ चौकियां स्थापित की जाती हैं। डीएम ने बहेड़ी क्षेत्र में बन रहे मेगा फूडपार्क को बाढ़ से सुरक्षित करने की हिदायत दी। विभिन्न गांवों में बाढ़ एवं कटानरोधी कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।