देर शाम हुई बारिश शहर की बिजली व्यवस्था पर भारी पड़ गई। अचानक चार सबस्टेशन ठप हो गए। हरुनगला, कोहाड़ापीर और किला स्टेशन पूरी रात अस्तव्यस्त रहे।
मंगलवार रात बालीपुर पारेषण स्टेशन से सप्लाई बंद कर दी गई। हरूनगला सबस्टेशन पूरी रात ठप रहा तो इससे ग्रीन पार्क, सुरेश शर्मा नगर, सनराइज, विश्वविद्यालय, आशीष रायल पार्क समेत दर्जनों इलाकों में पूरी रात बिजली नहीं मिली। बुधवार सुबह पता चला कि बालीपुर में ब्रेकर खराब हो गया है। करीब नौ बजे तक सप्लाई सामान्य हो पाई। राजेंद्रनगर, शाहदाना, डीडीपुरम, किला, कोहाड़ापीर उपकेंद्र से पोषित लाइनों पर फाल्ट आने से लोग पूरी रात परेशान रहे। पुराना शहर में सप्लाई रात में ठप होने पर लोगों ने एसडीओ को फोन किया मगर रिसीव नहीं हुआ। दोहना स्टेशन में आई खराबी से राजेंद्रनगर, डीडीपुरम और कोहाड़ापीर उपकेंद्र पूरी रात अस्तव्यस्त रहे। किला में आई गड़बड़ी से कई मोहल्ले प्रभावित रहे। जकाती, बिहारीपुर, मलूकपुर आदि इलाकों में बुधवार देर रात तक लोग बिजली पानी सप्लाई को लेकर तरसते रहे। शाम होते ही दोहना से आ रही लाइन टूट गई, इससे डीडीपुरम उपकेंद्र ठप हो गया। तार टूटने से संजय नगर, माडल टाउन, एकता नगर और आसपास इलाकों में सप्लाई देर रात तक प्रभावित रही। शहर में कई स्थानों पर स्थानीय फाल्ट होने पर देर रात तक बिजली ठप रही। इससेे लोग बेहाल रहे।