सीट के विवाद में दो सिपाहियों ने पहले तो एक यात्री को जमकर पीटा उसके बाद उसे ट्रेन से फेंकने के लिए खींचने लगे। यात्री ने जब शोर मचाया तो दूसरे मुसाफिरों ने उसे किसी तरह बचाया। घटना रामपुर और बरेली के बीच में हुई। बरेली पहुंचने पर यात्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाने के कई सिपाहियों से आमना सामना भी कराया गया लेकिन यात्री किसी को पहचान नहीं सका।
घटना बृहस्पतिवार सुबह सात बजे अमृतसर से चलकर सहरसा (बिहार) को जाने वाली जन नायक एक्सप्रेस की जनरल बोगी में हुई। बिहार के बड़वलगंज निवासी विष्णु गोपाल पंजाब की निजी कंपनी में ठेकेदारी करते हैं। वह जन नायक एक्सप्रेस से बिहार लौट रहे थे। रामपुर से निकलते ही उनकी सीट पर बैठने को लेकर दो सिपाहियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों सिपाही आग बबूला हो गए और उसे पीटने के बाद ट्रेन से फेंकने के लिए दरवाजे तक खींच ले गए। किसी तरह उसकी जान बची। इंस्पेक्टर जीआरपी चंद्रशेखर गुप्ता ने बताया कि विष्णु का थाने में मौजूद सिपाहियों से आमना सामना कराया, लेकिन इनमें से उसने किसी के न होने की बात कही। सिपाही कौन थे, इसका पता नहीं चल सका। विष्णु थाने में अपने साथ हुई मारपीट की सूचना दर्ज कराकर अवध आसाम एक्सप्रेस से चला गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सिपाहियों का पता किया जा रहा है।