पशु तस्करों ने महज 500 रुपये के लिए एक अधिवक्ता के जरिए राजेंद्र सिंह उर्फ राजू को राशिद बनाकर जेल भिजवा दिया था। अधिवक्ता ने इसके लिए 15 हजार रुपये लिए थे। विवेचक जय गोविंद ने अधिवक्ता और जाइलो कार मालिक का नाम भी मुकदमे में खोल दिया है। दोनों पर धोखाधड़ी करके राजू को राशिद के स्थान पर जेल भिजवाने का आरोप है।
थाना प्रेमनगर के मारवाड़ी गंज में आठ मार्च की रात को नरेंद्र कुमार निहलानी के यहां ढाई लाख रुपये की चोरी हो गई थी। इस घटना की छानबीन करते हुए पुलिस ने 11 मार्च को जाटवपुरा में रहने वाले चंदन, सूर्या और गुड्डू नाम के तीन युवकों को गिरफ्तार करके चोरी के आरोप में जेल भेज दिया था। तीनों के पास से चोरी का माल भी बरामद हुआ। इन तीनों ने पुलिस की पूछताछ में अपने चौथे साथी का नाम राजू बताया। प्रेमनगर थाने के विवेचक रामवीर सिंह राजू की तलाश करने मोहल्ले में पहुंचे तो मालूम हुआ कि वह जेल में है। इसके बाद और छानबीन की गई तो मालूम हुआ कि राजू को पशु तस्करों ने मीरगंज के एक मुकदमे में नई बस्ती नवाबगंज के रहने वाले राशिद के नाम से कोर्ट में सरेंडर करा दिया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। राशिद हुसैन जाइलो कार का चालक था जिसमें मीरगंज में 18 फरवरी को गौवंशीय पशु पकड़े गए थे। मीरगंज में पशु तस्करों के मामले की तफ्तीश कर रहे विवेचक जय गोविंद ने बताया कि 25 मार्च को सैनिक कॉलोनी बरेली के रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता ने पशु तस्करों से ड्राइवर का इंतजाम करने को 15 हजार रुपये लिए थे। अधिवक्ता ने राजू को 5000 हजार रुपये में राशिद की जगह राजू को जेल जाने के लिए राजी कर लिया। बाद में उसे महज 500 रुपये देकर राशिद के ड्राइविंग लाइसेंस पर कोर्ट में हाजिर कराकर जेल भिजवा दिया। बाकी रुपये उसके परिवार को देने के लिए कहा था। एसपी देहात ने बताया कि विवेचना के दौरान अधिवक्ता और कार के मालिक अच्छन पुत्र कल्लन निवासी ग्राम मिलक मातीपुर थाना मूंढापांडे, जिला मुरादाबाद को भी मुल्जिम बना दिया गया है। बार कौंसिल को भी अधिवक्ता के संबंध में एसएसपी की तरफ से चिट्ठी लिखी जाएगी।