बरेली। कासगंज से बदायूं, बरेली, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, सीतापुर होते हुए लखनऊ तक ट्रेन का संचालन इसी वर्ष शुरू हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल इस ट्रेन का संचालन करेगा। ट्रेन की समय सारिणी पर काम शुरू हो गया है। इस ट्रेन के संचालन से वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। क्षेत्र का प्रदेश की राजधानी से रेल संपर्क बेहतर होगा।
कासगंज-बरेली और बरेली-पीलीभीत-सीतापुर रेल लाइन पूर्वोत्तर रेलवे की है। बरेली-दिल्ली और बरेली-लखनऊ मुख्य लाइन उत्तर रेलवे की है। इस पर पहले से ही ट्रेनों का काफी दबाव है। बदायूं समेत कई उपनगरों की लखनऊ से सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं है। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा से लेकर कई सांसद भी इस रूट पर लखनऊ के लिए ट्रेन संचालन की मांग कर चुके हैं।
इस लाइन पर ट्रेनों का विशेष दबाव भी नहीं है। इस रूट पर लखनऊ के लिए ट्रेन शुरू होने के बाद बदायूं समेत उझानी, सोरों, कछला, पूरनपुर, पीलीभीत समेत कई उपनगरों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि कासगंज-लखनऊ के बीच बदायूं, पीलीभीत होते हुए ट्रेन संचालन शुरू करने की योजना पर रेलवे काम कर रहा है। बोर्ड से मंजूरी के बाद ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। संवाद