खुल गया था पटरी का ज्वाइंट, एक इंच से ज्यादा गैप
इज्जतनगर-भोजीपुरा के बीच पटरी सिकुड़ने के कारण ज्वाइंट खुल गया था। इससे पटरी में एक इंच से ज्यादा की दरार आ गई थी। जिस स्थान पर यह ट्रैक फैक्चर हुआ वहां ट्रेन की औसतन रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटा की रहती है। अगर फ्रैक्चर के समय आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस यहां से गुजरती तो हादसा हो सकता था। फिलहाल इंजीनियरिंग टीम ने रेलवे क्रॉसिंग संख्या 236 बी के पास 20 किमी प्रति घंटा का अस्थाई कॉशन दे दिया है।
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि इज्जतनगर-भोजीपुरा के बीच क्रॉसिंग संख्या 236 बी के पास रेल लाइन फ्रैक्चर हुई थी। ट्रैकमैन की सूझबूझ से आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस को इज्जतनगर में कंट्रोल कर लिया गया। 45 मिनट में ट्रैक दुरुस्त करने के बाद 20 किमी प्रति घंटा के कॉशन के साथ ट्रेन को आगे रवाना किया गया।