डाउन नौचंदी एक्सप्रेस से गिरकर शुक्रवार सुबह रेलवे के गार्ड भगवानदीन की मौत हो गई। मूल रूप से उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी 59 वर्षीय भगवानदीन एक साल पहले ही प्रमोशन पाकर गार्ड बने थे। इससे पहले वह बालामाऊ स्टेशन पर प्वाइंट मैन के रूप में तैनात थे।
भगवान दीन बृहस्पतिवार को मालगाड़ी लेकर रोजा से नगरिया सादात गए थे। वहां ड्यूटी खत्म करने के बाद रात में ही डाउन 14512 नौचंदी एक्सप्रेस में सवार होकर रोजा मुख्यालय आ रहे थे। ट्रेन शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे रोजा जंक्शन पर पहुंची।
ट्रेन के स्टॉपेज लेने से पहले ही भगवानदीन रोजा जंक्शन पर लॉबी के सामने चलती ट्रेन से ही उतरने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट आई। उनको रेल अस्पताल लाया गया। यहां डॉ. संजय राय ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर भगवानदीन के तीनों बेटे सत्यपाल, छत्रपाल और यशपाल यहां पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद वह पिता का शव ले गए।