बरेली की मिशन कॉलोनी में 47 वर्षीय रेलवे कर्मचारी तनवीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वाईफाई की केबल में उनका गला फंसा मिला। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र की मिशन कॉलोनी निवासी तनवीर सिंह मुरादाबाद में रेलवे विभाग में सीनियर कैशियर के पद पर तैनात थे। करीब एक महीने पहले उनके चाचा की मौत हो गई थी।
तनवीर अपने चाचा से बेहद लगाव रखते थे, उनकी मौत के बाद से तनवीर अधिक शराब पीने लगे थे। सोमवार रात भी वह नशे की हालत में घर में घुसे। इसी दौरान घर में लगी वाई-फाई की केबल उनके गले में फंस गई, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी व अन्य परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए लेकिन उनकी मौत हो गई। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया, किसी तरह का कोई आरोप फिलहाल नहीं लगाया गया है।