कोविड अस्पताल में सफाई करता कोरोना संक्रमित।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
एक संक्रमित मित्र ने अस्पताल परिसर में पोंछा लगाकर दिया सफाई का संदेश
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे अस्पताल में संक्रमित तनाव कम करने के लिए भजन-कीर्तन कर रहे हैं। एक दिन पहले संक्रमितों ने मिलकर एक संक्रमित छात्रा का जन्मदिन मनाया और जमकर डांस किया। इसका वीडियो वायरल करके दूसरे संक्रमितों को हरहाल में खुश रहने का संदेश दिया था। अब एक संक्रमित ने खुद सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में संक्रमित ने प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को अपनाने की अपील की है। साथ ही, अन्य संक्रमितों से भी अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान देने को कहा है।
कोरोना से बचाव के लिए मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइज और हाथ धोने के साथ ही, स्वच्छता का भी अहम योगदान है। पूर्वोत्तर रेलवे कोविड अस्पताल में भर्ती एक युवक ने मंगलवार को अस्पताल परिसर की खुद ही सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। युवक प्रेमनगर निवासी शहर विधायक के भतीजे का मित्र बताया जा रहा है। युवक ने न सिर्फ अस्पताल परिसर में खुद सफाई की बल्कि लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वीडियो भी वायरल की है।
अस्पताल में हो रहा भजन-कीर्तन
रेलवे कोविड अस्पताल में एक ओर संक्रमित युवक खुद सफाई कर रहा है तो दूसरी ओर अन्य संक्रमित भजन और कीर्तन कर रहे हैं। किसी के चेहरे पर कोरोना का खौफ दिखाई नहीं दे रहा है। भक्तिमय वातावरण में संक्रमण के तनाव को संक्रमितों ने परे रख दिया है।