शाहजहांपुर। मुरादाबाद-बरेली के बीच ब्लॉक के चलते सोमवार को कई ट्रेनें देरी से चली। जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह साढ़े पांच बजे से ही मुरादाबाद-बरेली के बीच ब्लॉक शुरू हो गया। ऐसे में अपलाइन पर लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनें एक से डेढ़ घंटा देरी से चलीं जबकि डाउन लाइन की गाड़ियां पांच घंटे तक देरी से पहुंचीं। शाहजहांपुर से बरेली की ओर जाने के लिए यात्रियों को ट्रेनें मिल गईं, लेकिन ब्लॉक के चलते लखनऊ की तरफ जाने वाली कोई गाड़ी नहीं आई। सुबह 11:30 बजे ब्लॉक खत्म होने के बाद मुरादाबाद की ओर से ट्रेनें रवाना की गईं, जो दो से पांच घंटे देरी से शाहजहांपुर आ सकीं। इनमें दून एक्सप्रेस नौ मिनट, लखनऊ सुपरफास्ट 29 मिनट, गंगा सतलुज 24 मिनट, अमृतसर-हरिद्वार मेल 36 मिनट देर से आई। कोलकाता एक्सप्रेस दोपहर 1:32 के बजाय शाम 6:46 बजे शाहजहांपुर पहुंची। अवध आसाम एक्सप्रेस दो बजकर 18 मिनट के स्थान पर 5:28 मिनट पर आ सकी। इनके अलावा काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटा, श्रमजीवी सुपरफास्ट 50 मिनट देरी से पहुंची।
बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनें भी हुई लेट
- डाउन लाइन पर ब्लॉक के कारण जहां लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनें देरी से चलीं, वहीं अपलाइन पर बरेली की तरफ जाने वाली त्रिवेणी डेढ़ घंटा, मुगलसराय करीब 40 व बरेली-वाराणसी 35 मिनट देर से आई।
सोमवार को सुबह साढ़े पांच बजे से मुरादाबाद-बरेली के बीच ब्लॉक था। जिसकी वजह से सियालदह और अवध आसाम एक्सप्रेस वाया चंदौसी होकर शाहजहांपुर आई। बाकी ट्रेनें भी कुछ देरी से आ सकीं। - मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक शाहजहांपुर