पुवायां (शाहजहांपुर)। ज्ञापन देने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भाकियू के बैनर तले तमाम किसान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में तहसील परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में 14 अक्तूबर को किसानों ने तहसीलदार को दिए ज्ञापन में बजाज चीनी मिल मकसूदापुर से गन्ने का बकाया भुगतान दिलाए जाने, आवारा पशुओं को गोशाला पहुंचाए जाने, गन्ने का भुगतान नहीं मिलने पर किसानों की आरसी वापस लिए जाने, तहसील में बंटवारे को लेकर पांच से दस वर्ष की लंबित फाइलों का निपटारा किए जाने, गांव बरगदा जाने वाले मार्ग को सही कराए जाने, किसानों को मोटर कनेक्शन के लिए तार, पोल आदि जल्द उपलब्ध कराने आदि मांगें की गई थीं।
ज्ञापन देने के सात दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज कार्यकर्ता सोमवार को जिलाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर में एकत्र हुए और यहां से जुलूस के रूप में पुलिस, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुवायां के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और दस मिनट तक सांकेतिक प्रदर्शन करने के बाद तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। शाम को तहसीलदार तृप्ति गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर समस्याओं को जल्द हल कराने का आश्वासन दिया। धरना प्रदर्शन में अनिल सिंह यादव, श्रीकृष्ण जाटव सहित तमाम किसान मौजूद रहे। धरना स्थल पर ही नीरज वर्मा को पुवायां का नगर अध्यक्ष, इरफान को नगर प्रभारी, राजेंद्र सिंह को खुटार और बाबूराम गौतम को बंडा का ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।