बरेली। कासगंज से सिटी स्टेशन तक ओएचई वायर खिंचने का काम शुरू हो गया है। रेलवे का 2021 तक सिटी स्टेशन से कासगंज तक इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ाने का लक्ष्य है। हालांकि इलेक्ट्रिक अनुभाग समय से पहले ही काम खत्म करने का दावा किया है।
मैलानी से कासगंज तक इलेक्ट्रिफिकेशन कल्पतरु करा रही है। कल्पतरु की एक टीम पहले सोरों शूकर क्षेत्र स्टेशन (सोरो) से कासगंज की ओर लाइन बिछाएगी। दूसरी टीम सोरों से मानपुर नगरिया की ओर काम करेगी। सोरों शूकर स्टेशन से कासगंज तक 15 किलोमीटर सेक्शन पर काम पांच दिन में खत्म होने की संभावना है। इसके बाद टीम मानपुर नगरिया से सिटी स्टेशन की ओर काम करेगी। दो टीमों के काम करने की वजह से जनवरी तक इसके समाप्त होने की संभावना है। सूत्रों कहना है कि कासगंज तक लाइन बिछने के बाद 2200 वोल्ट का करंट दौड़ाया जाएगा ताकि चोर तारों को न काट सकें। गौरतलब है कि पहले चरण में डालीगंज-सीतापुर, दूसरे चरण में सीतापुर-मैलानी, तीसरे चरण में बरेली से कासगंज तक के ट्रैक का विद्युतीकरण होगा। इस दौरान मैलानी से पीलीभीत तक आमान परिवर्तन का काम भी पूरा हो जाएगा। अंतिम चरण में भोजीपुरा से पीलीभीत तक विद्युतीकरण होगा। चार चरणों में होने वाले प्रोजेक्ट पर चार अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सोरों शूकर स्टेशन से कासगंज और मानपुर नगरिया तक दो टीमें काम करेंगी। कासगंज तक काम पूरा होने बाद सिटी स्टेशन तक काम तेजी से होगा। - कृष्ण मोहन विश्वकर्मा, सहायक प्रबंधक, रेल विकास निगम लिमिटेड