बरेली। जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस के साथ खुफिया अमले को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने शाम को जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। विस्फोटक पदार्थ ढूंढने के लिए खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई। हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इंडियन मुजाहिदीन के बरेली के कथित एरिया कमांडर मुन्ना खां उर्फ मुल्ला की ओर से बरेली जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए जो पत्र भेजा गया है, उसमें कितनी सच्चाई है, सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। इस बीच स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम भी चौकस कर दिए गए हैं। बुधवार शाम सीओ सिटी अशोक कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली गीतेश कपिल, जीआरपी और आरपीएफ के इंस्पेक्टर ने अपनी टीमों के साथ जंक्शन पर सघन चेकिंग की। सीओ एलआईयू एसके बाजपेई भी टीम के साथ यहां मौजूद थे। पुलिस ने अपने डॉग को जंक्शन पर हर कोने में घुमाया पर वह कुछ सूंघने के बजाय इधर-उधर टहलता रहा। पूरे अभियान में जंक्शन पर कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
चेकिंग कम, खानापूरी ज्यादा
पुलिस का चेकिंग अभियान खानापूरी ज्यादा लगा। चेकिंग के दौरान हर यात्री को स्कैनर से गुजारा गया। यहां लापरवाही का यह हाल था कि अफसरों की मौजूदगी में ही तमाम लोग बिना चेकिंग कराए अपने बड़े-बड़े बैग लेकर बिना चेकिंग गुजरते रहे। कुछ लोगों की जेब और बैगों की भी तलाशी ली गई। जंक्शन पर लोग चेकिंग से हैरत में थे। हालांकि अधिकारियों ने इसे सावन से जुड़ी चेकिंग बताया। खुफिया अमले के लोगों को भी स्टेशन परिसर के आसपास इलाके में तैनात किया गया है।
जंक्शन के अधीक्षक ने कराई रिपोर्ट
बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर ने जीआरपी थाने में कथित मुन्ने खां उर्फ मुल्ला के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। धारा 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर किशन अवतार ने बताया कि इस मामले में वे सिविल पुलिस की मदद से जांच करेंगे।
खुराफाती चिट्ठी ने बढ़ाया पुलिस का टेंशन
पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि यह चिट्ठी किसी खुराफाती का काम है। चिट्ठी की भाषा बेहद फूहड़ है और हिंदी भी कई जगह गलत लिखी गई है। पोस्ट ऑफिस की मुहर भी स्पष्ट नहीं है जिससे यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि चिट्ठी कहां से भेजी गई है। इसमें कांवड़ियों के बारे में गलत भाषा का प्रयोग किया गया है और अधिकारियों को भी बात न मानने पर स्टेशन को उड़ाने की चेतावनी दी गई है। संवाद पांच से छह लाइनों का बेहद संक्षिप्त ही है। कांवड़ यात्रा के रूट को लेकर पिछली साल कई जगह बवाल हो ही चुके हैं। इस चिट्ठी ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने शहर के होटलों व धर्मशालाओं की भी चेकिंग की है।