बरेली। ट्रेनों के भूसे की तरह भरे जनरल कोच में दरवाजे पर लटककर यात्रा करने वाले डेली पैसेंजरों को जल्द भारी राहत मिलने जा रही है। जल्द ही बरेली जंक्शन से मुरादाबाद के बीच डेमू ट्रेन शुरू करने की तैयारी है। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय से डेमू के दो रैक इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप पहुंच गए हैं। एक का मेंटीनेंस हो गया है, दूसरे का भी मेंटीनेंस होने के बाद जल्द ही डेमू ट्रेन मुरादाबाद तक दौड़ने लगेगी।
इज्जतनगर से पीलीभीत और लालकुआं तक चलने से पहले डेमू (डीजल इलैक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन को जंक्शन से मुरादाबाद तक चलाने की ही योजना थी। इस रूट पर रेलवे को ज्यादा आय होने की भी उम्मीद थी। मगर ऐन मौके पर ट्रेन का रूट बदल दिया गया। एक सप्ताह पहले पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय से डेमू ट्रेन के आठ कोच के दो रैक इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप पहुंच गए। इनमें एक रैक का मेंटीनेंस भी हो चुका है। सूत्रों का कहना है कि दूसरे रैक का भी मेंटीनेंस होते ही इज्जतनगर और मुरादाबाद डिविजन के अधिकारी बैठक कर ट्रेन शुरू करने की तारीख पक्की कर देंगे। ट्रेन का एक रैक मुरादाबाद और दूसरा जंक्शन चलेगा। ट्रेन दिन में कई चक्कर लगाएगी।
यह ट्रेन चलने से सबसे ज्यादा सहूलियत डेली पैसेंजरों को मिलेगी। दरअसल सुबह दोनों स्टेशनों से डेली पैसेंजरों के लिए कोई ट्रेन नहीं है। सुबह की ट्रेनों में राज्यरानी सुबह 9:33, पंजाब मेल सुबह 4:58 और किसान एक्सप्रेस सुबह चार बजे मुरादाबाद से चलकर डेढ़ घंटे में जंक्शन पहुंचती हैं। जंक्शन से सुबह मुरादाबाद के लिए पहली ट्रेन 10.37 बजे आती है। अब डेमू चलने से डेली पैसेंजरों को राहत मिलेगी। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों रैकों का मेंटीनेंस हो रहा है। ट्रेन किस रूट पर चलेंगी, इसका निर्णय बाद में किया जाएगा।