बरेली/फतेहगंज पूर्वी। तीन दिन बाद हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग खुलने से सड़क मार्ग से लखनऊ-कानपुर जाने वाले बस यात्रियों हो काफी राहत मिली है, लेकिन रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने संकेत दिए है कि कोलतार बिछाने के लिए क्रॉसिंग को एक दिन के लिए फिर बंद किया जा सकता है।
14 जुलाई से बंद हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग मंगलवार ढाई बजे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दी गई। ढाई दिन तक क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान रोडवेज बसों समेत अन्य चौपहिया वाहनों को बीसलपुर होते हुए गुजारा गया। इसमें यात्रियों का समय और रुपये दोनों ही ज्यादा लगे। क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान अप दिशा की रेल लाइन की चक रेल को ट्रैक से बाहर निकालकर नई चक रेल को ट्रैक में डाला गया। इसके अलावा ट्रैक को करीब एक फुट ऊंचा किया गया, जिससे दोनों लाइनों की ऊंचाई में जो फर्क था वह खत्म हो गया। अब क्रॉसिंग पर दोनों लाइनों का लेबल बराबर हो चुका है।
अब बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर बिछे पत्थरों पर कोलतार डालेगा, जिसके चलते क्रॉसिंग को एक दिन के लिए फिर बंद किया जाएगा। बहरहाल, हाईवे की इस क्रासिंग के खुलने से वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। मंगलवार को वाहन रेलवे क्रॉसिंग से धड़धड़ाते हुए गुजरे।