बरेली। जंक्शन को ए-1 ग्रेड में शामिल करने के बाद कायाकल्प होने की उम्मीद जगी है। इसके तहत अब यात्री पुल पर चढ़ने के लिए स्वचालित सीढ़ियां लगेंगी और विश्रामालय में भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम शुरू हो जाएगा। प्लेटफॉर्म नंबर तीन और चार पर भी वेटिंग रूम बनने से यात्रियों को ठहरने में होने वाली दिक्कत से निजात मिलेगी।
बरेली जंक्शन स्टेशन को हर रोज करीब बीस लाख रुपये की आमदनी होती है। यहां से हर रोज दिल्ली, लखनऊ, बनारस, इलाहाबाद आदि शहरों के लिए 18 हजार यात्री जाते हैं। करीब इतने ही यात्री दूसरे शहरों से आते हैं। पिछले साल तक तो रेलवे को ही बरेली को ए तथा ए वन में शामिल करते हुए काम करना था। उस समय तक तो यहां के लोगों को विश्वास नहीं था लेकिन अब प्राइवेट सेक्टर के माध्यम से जंक्शन को ए1 ग्रेड के अनुसार विकसित कराने का फैसला लिया है। इस निर्णय से लोगों को स्टेशन का विकास होने की उम्मीद बंधी है।
ये होंगी सुविधाएं
- यात्री पुल पर चढ़ने के लिए स्वचालित सीढ़ियां लगेंगी
- हर प्लेटफॉर्म पर महिला-पुरुष अलग-अलग एसी वेटिंग रूम होंगे
- वेटिंग रूम में ऑन लाइन टिकट बुकिंग सिस्टम शुरू होगा
- प्लेटफॉर्म को चौड़ा कराने के साथ-साथ यात्रियों के बैठने को सीटें और बेहतर होंगी
- पानी की टंकियों में बढ़ोतरी
- वाहन खड़े करने को पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा
00
ये हैं अव्यवस्थाएं
- प्लेटफार्म का फर्श टूटा हुआ है
- पानी सप्लाई के पाइप लीक रहते हैं
- जंक्शन पर जानवर घूमते हैं
- सिर्फ प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ही एक पुरुष-महिला वेटिंग रूम है
- वेंडरों ने ठंडे पानी की टंकियां तोड़ दी हैं
- बैठने के लिए सीटें भी पर्याप्त नहीं हैं
- शौचालय ठीक न होने के कारण लोग बाहरी दीवार पर पेशाब करते हैं
वर्जन
जंक्शन के ए1 ग्रेड में शामिल होने से यात्री सुविधाएं बढे़ंगी। स्वचालित सीढ़ियों के साथ वेटिंग रूम टिकट भी ऑन लाइन बुक होंगे।
- सुरेश चंद्र शर्मा, स्टेशन अधीक्षक।