बरेली। बरेली से कासगंज होकर मथुरा और कानपुर के बीच दो ट्रेन संचालित कराने की तैयारी है, जबकि रामनगर से आगरा फोर्ट के बीच चलने वाली ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इस बारे में रेलवे बोर्ड के स्तर पर मंथन किया जा रहा है। फोर्ट तक जाने वाली ट्रेन की फिलहाल लोकप्रियता और आमदनी का आंकलन किया जा रहा है। भीड़ ठीक रही तो इस ट्रेन के सप्ताह में दो या तीन फेरे तक कर दिए जाएंगे।
रेल मंत्रालय ने इस साल के बजट में दरभंगा से अजमेर के बीच नई ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है। यह ट्रेन दरभंगा से बरेली से कासगंज, मथुरा होते हुए अजमेर के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन के बारे में जल्दी समय सारिणी और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जानी है। एक अन्य ट्रेन मुरादाबाद से कानपुर की ओर जाती है, उसे कासगंज होते हुए कानपुर की ओर संचालित कराने की योजना है। इस बारे में बोर्ड के लिए जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कोट
एक नई ट्रेन दरभंगा से अजमेर के लिए बरेली-कासगंज होते हुए जल्द ही संचालित की जानी है। इस बारे में बोर्ड के स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। पुरानी ट्रेन के रूट के बारे में उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे केअधिकारियों के बीच बैठक में निर्णय होगा। उसी के बाद ही ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। -चंद्रमोहन जिंदल, डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर।