बरेली। जंक्शन के बाहर रेल टिकट वेंडर बूथ पर आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी और तय कीमत से ज्यादा वसूली की शिकायत पर जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त छापा मारा। हालांकि, कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। अब मामले की जांच मुख्य वाणिज्य निरीक्षक करेंगे।
सिविल लाइंस खुर्रम गौंटिया निवासी अभिषेक सोनकर ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि जंक्शन के मुख्य द्वार के बाहर स्थित रेल टिकट वेंडर बूथ पर वेंडर तय कीमतों से ज्यादा कीमत वसूल रहा है। आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी भी कर रहा है। शिकायत डीआरएम कार्यालय तक पहुंची तो कार्रवाई का आदेश दिया गया। इसके बाद जेटीबीएस काउंटर संख्या बीसी 061 पर संयुक्त पर छापा मारा गया। कब्जे में लेकर कुछ कागजात की जांच की गई। बाद में मालूम हुआ कि टिकट वेंडर बूथ पूर्वोत्तर रेलवे का है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान सैय्यद ने बताया कि टिकटों की कालाबाजारी जैसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है। जांच की जा रही है। संवाद