यह था घटनाक्रम
सप्ताह भर पहले उधार के रुपये मांगने पर शराब पार्टी कर रहे दबंगों की पिटाई से घायल युवक राहुल सागर ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया था। बदमाश लकी लभेड़ा व आकाश ठाकुर समेत नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर उसके परिवार की महिलाओं ने पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा किया और रोड पर जाम लगाया। राहुल अनुसूचित वर्ग से था, गैर इरादतन हत्या के साथ एससी एक्ट की धारा भी बिथरी पुलिस ने बढ़ा दी है।
एसएसपी ने दिया था तत्काल गिरफ्तारी का आदेश
हंगामा और प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी से कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट तलब कर ली। उन्होंने जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया। इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला ने बताया कि झगड़े के बाद तत्काल रिपोर्ट लिख ली थी। घटना के आरोपी भाग गए हैं। दबिश दी जा रही है। मामले को गैर इरादतन हत्या की धारा व एससी एक्ट में तरमीम कर लिया है। अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।