भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के पांच नवंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री कार्यालय से आईवीआरआई में मोदी के कार्यक्रम पर अभी मुहर नहीं लगाई है लेकिन जिस तरह से केंद्रीय कृषि मंत्री की ओर से इसके लिए पैरवी की जा रही है और भाजपा नेता तैयारी में लगे हैं। आईबी अभी इस बारे में इनपुट जुटा रही है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री को फीडबैक दिया है कि आईवीआरआई चूंकि कृषि और किसानों के शोध कार्यों का बड़ा केंद्र है इसलिए किसानों से मोदी के रूबरू कराने का इससे उपयुक्त स्थान दूसरा नहीं हो सकता है। भाजपाइयों का मानना है कि इस गैरसियासी मंच के जरिए मोदी किसानों के बीच भाजपा के पक्ष में यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अच्छा माहौल बना सकते हैं। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश का सघन दौरा कर जिस तरह सीधे प्रधानमंत्री को बार बार किसानों से सामने किसान विरोधी कहा है उसका जवाब देने के लिए भाजपा भी आतुर है। यह भी संभव है कि बड़े स्तर पर किसानों को संबोधित करने के लिए इस दौरे में कुछ नया जोड़ा जाए। प्रधानमंत्री पहले भी बरेली में किसानों की बड़ी रैली कर चुके हैं।
सूत्रों का कहना है कि आईवीआरआई के निमंत्रण पर पीएमओ की टीम जल्द ही बरेली आकर कार्यक्रम के बाबत जानकारी लेगी। इसके बाद ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर मुहर लग सकेगी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह का कहना है कि आईवीआरआई के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री को बुलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।