बरेली। बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव परावहाउद्दीनपुर निवासी रईस उर्फ रहीस उर्फ जहूर अहमद उर्फ नन्हे अंसारी 24 जनवरी से दहेज हत्या के आरोप में बरेली जेल में बंद था। 21 जनवरी को घर में उसकी पत्नी सीता का शव फंदे से लटका मिला था। सीता के भाई मुकेश ने उसके खिलाफ बिशारतगंज थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रईस टंकी निर्माण करता था। उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था। दो साल पहले वह इटावा जेल में टंकी निर्माण कर रहा था। वहां जेल में बंद राजस्थान के भरतपुर की पुष्प वाटिका कॉलोनी निवासी 38 साल की सीता से उसकी मुलाकात हुई। डेढ़ साल पहले सीता जेल से रिहा हुई। इसके बाद उसने सीता से शादी कर ली। सीता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में 22 जनवरी को उसके भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही सीता का पति दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। जहूर सीता को मायके भी नहीं भेजता था। मायके वालों ने ही सीता का अंतिम संस्कार किया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ चार अप्रैल को चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
मां-बेटे की हत्या के मामले में शनिवार को कोर्ट का फैसला आना था। इससे पहले रईस को बरेली जेल से मुजफ्फरनगर ले जाया गया। फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद उसे मुजफ्फरनगर पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया और कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। अब फिलहाल वह मुजफ्फरनगर जेल में रहेगा। उसके परिवार में तीन भाई और पिता हैं। फांसी की सजा सुनाए जाने से परिवार को सरोकार नहीं है। ऐसे में वह अदालत के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती कैसे देगा इसको लेकर भी सवाल है।